उत्तर प्रदेश में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ने लगी है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में खराब मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पूर्वांचल के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में बहुत भारी बारिश की संभावना है। जबकि गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अयोध्या, गोंडा और संत कबीर नगर समेत कई जिलों में भी तेज बारिश और वज्रपात का खतरा बना हुआ है।
इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, मुरादाबाद और रामपुर में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, बरेली, पीलीभीत, संभल और आसपास के जिलों में भी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 31 अक्टूबर को भी कई जिलों में बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, 1 नवंबर से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। वहीं बारिश के कारण अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
