मुरादाबाद, 3 नवंबर। दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय महर्षि दयानंद लॉ कॉलेज, भदासना में भव्य दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में मूंढापांडे मंडल के विभिन्न गांवों से जुड़े पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्नेह एवं सम्मान के प्रतीक स्वरूप डिनर सेट और मिष्ठान भेंट किए। इसके साथ ही उन्होंने सभी के साथ बैठकर भोजन किया और आत्मीय संवाद के माध्यम से उनका कुशलक्षेम जाना। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मान, अपनत्व और आपसी भाईचारे की भावना विशेष रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम में ग्राम प्रशासक, क्षेत्र पंचायत सदस्य, बूथ अध्यक्ष, ग्राम संयोजक, ग्राम पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया, आशा, संगनी, समूह सखी, केयरटेकर, चौकीदार, सफाईकर्मी तथा बैंक मित्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे लोग शामिल हुए।

जनसेवा से जुड़े लोगों का सम्मान समाज को जोड़ने का माध्यम
इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकाश, प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश देने वाला पावन त्योहार है। इस शुभ अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में जनसेवा से जुड़े लोगों के साथ खुशियां साझा करना उनके लिए आत्मीय संतोष का विषय है।

उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और सरकारी योजनाओं से जुड़े कर्मियों का क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। गांवों में विकास कार्यों को गति देने, आमजन की समस्याओं के समाधान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में इन सभी की भूमिका बेहद अहम है। इनका समर्पण और सहयोग ही ग्रामीण व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।
हर परिवार के जीवन में खुशहाली आए, यही कामना
विधायक ने कहा कि उनकी कामना है कि दीपावली का प्रकाश विधानसभा कुंदरकी के प्रत्येक घर में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। क्षेत्र का हर परिवार खुशहाल रहे और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा सहयोग की भावना निरंतर मजबूत होती रहे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति सम्मान, स्नेह और आत्मीयता का भाव बनाए रखना आवश्यक है। आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के बल पर ही क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
सहभोज के साथ आत्मीयता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों के साथ काफी समय बिताया। सभी से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यों की सराहना की। डिनर सेट एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित करने की पहल को उपस्थित लोगों ने विधायक की ओर से स्नेह और अपनत्व के प्रतीक के रूप में देखा।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम, सौहार्द, सहयोग तथा भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। आयोजन ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के बीच आपसी संवाद एवं सामाजिक जुड़ाव को भी एक अवसर प्रदान किया@शांतनु/INN
