मुरादाबाद, 3 नवंबर। दीपावली महापर्व के पावन अवसर पर योगी सरकार ने गरीब व जरूरतमंद परिवारों की रसोई को खुशियों से रोशन करते हुए प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का बड़ा उपहार दिया है। मंगलवार को अपराह्न चार बजे राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस महत्वाकांक्षी योजना का सजीव शुभारंभ किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण में माह अक्टूबर से दिसंबर तक संचालित इस अभियान के तहत जनपद मुरादाबाद के कुल 2,73,000 (दो लाख तिहत्तर हजार) उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी से सीधे लाभान्वित किया जा रहा है।

इसी क्रम में मुरादाबाद के कंपनी बाग स्थित पंचायत भवन सभागार में लखनऊ के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाते हुए भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने 22 चयनित महिला लाभार्थियों को ₹643.10 की राज्य सब्सिडी राशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए, जबकि सभागार में उपस्थित सभी 250 महिला लाभार्थियों को दीवाली के उपलक्ष्य में मिठाई और शुभ दीया देकर उनका सम्मान व उत्साहवर्धन किया गया।

22 महिलाओं को मंच से मिले प्रतीकात्मक चेक
कंपनी बाग स्थित पंचायत भवन सभागार में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान लोकभवन लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर देखा गया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) गोपाल अंजान एवं जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. शैफाली सिंह मंचासीन रहीं। उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) दीपक कुमार वार्ष्णेय तथा ऑयल कंपनी के जिला समन्वयक प्रशांत शाक्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों ने मंच से 22 उज्ज्वला लाभार्थी
महिलाओं को प्रतीक स्वरूप ₹643.10 की सब्सिडी के बड़े चेक सौंपे। प्रतीकात्मक चेक प्राप्त करने वाली प्रमुख महिलाओं में कमलेश (पत्नी बब्लू), पिंकी कुमारी (पत्नी दीपक), आशा (पत्नी मदन लाल), मिथिलेश (पत्नी राजकुमार), रूबी (पत्नी मौ. इरशाद), रिहाना (पत्नी अकील अहमद), कमलेश (पत्नी संजय), लक्ष्मी (पत्नी चरन सिंह), राखी पंकज तथा बिजनेश (पत्नी विकास) शामिल रहीं। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि योगी सरकार की नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सुरक्षा को समर्पित हैं।

अक्टूबर से दिसंबर तक 2.73 लाख परिवारों को सीधी राहत: मिष्ठान और शुभ दीये से महकी दीवाली
कार्यालय जिला पूर्ति अधिकारी, मुरादाबाद द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जनपद में पंजीकृत सभी 2,73,000 उज्ज्वला लाभार्थियों के बैंक खातों में योजना की निर्धारित धनराशि सीधे अंतरित (डीबीटी) की जा रही है। प्रति सिलेंडर ₹643.10 की यह सब्सिडी मिलने से गरीब परिवारों पर त्योहार के समय अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। पंचायत भवन सभागार में पहुंचे 250 लाभार्थियों के लिए जिला प्रशासन का संवेदनशील मानवीय दृष्टिकोण भी देखने को मिला, जहां औपचारिक सब्सिडी वितरण के साथ-साथ दीपोत्सव के स्वागत स्वरूप प्रत्येक महिला को मिष्ठान का डिब्बा और पूजन हेतु ‘शुभ दीया’ सप्रेम भेंट किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के तहत दिसंबर 2026 तक सभी पात्र परिवारों को गैस रिफिल पर पूरी सब्सिडी निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।

लाभार्थी आशा की दास्तान, ‘चूल्हे के धुएं में बच्चे भूखे सो जाते थे, योगी-मोदी सरकार ने बदली जिंदगी’
समारोह में सब्सिडी का प्रतीकात्मक चेक और उपहार पाकर मुरादाबाद निवासी लाभार्थी आशा (पत्नी मदन लाल) की आंखें खुशी और पुरानी यादों के भावुक पलों से छलक उठीं। आशा ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि गैस सिलेंडर मिलने से पहले उनका जीवन मिट्टी के चूल्हे पर भोजन पकाने की घोर यातना में बीतता था। गीली लकड़ियों और उपलों के घने धुएं से आंखें जलती थीं, सांस लेना दूभर होता था और कई बार चूल्हा न जल पाने के कारण आधा खाना बनता था और आधा कच्चा रह जाता था। विवशता ऐसी होती थी कि रात में बच्चे भूख के मारे रोते-रोते सो जाया करते थे। आशा ने भाव-विभ्वल होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने उन्हें न केवल गैस कनेक्शन और नियमित राशन देकर भुखमरी से बचाया, बल्कि इस दीवाली पर ₹643.10 की पूरी सब्सिडी देकर त्योहार की चिंता ही मिटा दी है।

लाभार्थी मिथिलेश देवी की खुशी, ‘मुफ्त सिलेंडर के साथ मिठाई और दीया पाकर धन्य हुआ गरीब परिवार’
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थी मिथिलेश देवी (पत्नी राजकुमार) ने अपने हाथ में ₹643.10 का चेक, मिष्ठान का डिब्बा और शुभ दीया संभालते हुए शासन की इस पहल पर गहरा आभार व्यक्त किया। मिथिलेश ने बताया कि त्योहार के दिनों में जब घर का बजट बिगड़ जाता है, तब सरकार द्वारा मुफ्त सिलेंडर रिफिल का यह फैसला उनके जैसे कमजोर आय वर्ग के परिवारों के लिए सबसे बड़ा आर्थिक संबल बनकर आया है। उन्होंने कहा कि आज के आयोजन में न केवल सिलेंडर की राशि मिली, बल्कि प्रशासन ने दीवाली की मिठास और घर आंगन को जगमगाने के लिए दीया देकर उनका दिल जीत लिया है।
लाभार्थी शिवानी का उत्साह, ‘सीधे खाते में आई मदद, त्योहार पर योगी जी ने दिया सबसे अनमोल तोहफा’
मंच से सब्सिडी का चेक प्राप्त करने वाली मुरादाबाद की युवा गृहिणी शिवानी (पत्नी यशवन्त) के चेहरे पर मुख्यमंत्री के इस कदम को लेकर असीम उत्साह और संतोष साफ नजर आया। अपने हाथ में ₹643.10 की सब्सिडी का चेक दिखाते हुए शिवानी ने कहा कि त्योहार के ठीक मौके पर यह आर्थिक राहत मिलना किसी बड़े वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस रिफिल कराने के लिए पैसों का इंतजाम करना उनके परिवार के लिए हमेशा एक कठिन चुनौती रहता था, लेकिन मुख्यमंत्री जी ने ऐन दीवाली पर मुफ्त सिलेंडर की व्यवस्था करके उनकी जेब का खर्च बचा लिया है@शांतनु/INN
