मुरादाबाद, 3 नवंबर। दीपावली के पर्व पर समाज के जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशियां लाने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से खत्री सभा (रजि.) मुरादाबाद ने सराहनीय पहल की। सभा की ओर से खत्री महिला कल्याण आजीवन मासिक पेंशन योजना के अंतर्गत समाज की 12 जरूरतमंद, वृद्ध एवं निराश्रित महिलाओं को 1,250 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन वितरित की गई। बाजीगरान स्ट्रीट स्थित खत्री विनोद खन्ना भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष श्याम खन्ना एवं पदाधिकारियों ने महिलाओं को पेंशन की धनराशि प्रदान की।

दीपावली से पूर्व आयोजित इस पेंशन वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना था, जिससे वे भी पर्व को सम्मान और खुशहाली के साथ मना सकें। सभा की ओर से यह पहल प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी समाज के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बनी।
इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष श्याम खन्ना ने कहा कि खत्री सभा पिछले कई वर्षों से समाज की आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के ऐसे लोगों तक मदद पहुंचाना है, जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सभा की ओर से जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक सहायता, बेटियों के विवाह में सहयोग, गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों के उपचार एवं दवाइयों का खर्च उठाने, शिक्षा में सहयोग तथा आजीवन मासिक वृद्धावस्था पेंशन जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इन सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
आय-व्यय का ब्यौरा सर्वसम्मति से पारित
पेंशन वितरण कार्यक्रम के उपरांत खत्री सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष श्याम खन्ना ने की, जबकि संचालन दीपक कपूर ने किया। बैठक का प्रमुख एजेंडा वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत करना था।
अध्यक्ष श्याम खन्ना ने सदन के समक्ष पूरे वित्तीय वर्ष का आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा रखा। कार्यकारिणी सदस्यों ने प्रस्तुत विवरण का गहन अवलोकन किया और विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श के बाद इसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया। सदस्यों ने संस्था के वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने की सराहना की।
सामाजिक और विकास कार्यों की हुई सराहना
बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों ने अध्यक्ष श्याम खन्ना के नेतृत्व में संचालित सामाजिक, विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। विशेष रूप से महिला पेंशन योजना, शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग तथा जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहा गया।
इस दौरान खत्री सभा को और अधिक मजबूत बनाने, समाज के युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा आने वाले समय में उनके लिए नए कार्यक्रम शुरू करने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने समाज की एकजुटता और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
समाज को एकजुट कर जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाना लक्ष्य
बैठक के अंत में अध्यक्ष श्याम खन्ना ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खत्री सभा का उद्देश्य केवल एक संस्था के रूप में कार्य करना नहीं, बल्कि पूरे समाज को एकजुट करके प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। समाज के सक्षम लोगों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि सामूहिक प्रयासों से अधिक से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।
कार्यक्रम में सभा के संरक्षक योगेंद्र स्वरूप खन्ना, अध्यक्ष श्याम खन्ना, कोषाध्यक्ष दीपक कपूर, उपाध्यक्ष पीके कपूर, दिनेश कपूर, रवि मेहरोत्रा, सह-सचिव राजीव अरोरा, विनोद नारायण मेहरोत्रा, अनूप मेहरोत्रा, डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे@शांतनु/INN
