मुरादाबाद। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सौहार्द, सम्मान और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने का भी पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए बुधवार को कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने दीपावली के पावन अवसर पर अपने कैंप कार्यालय भदासना में विशेष दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के मंडल दलपतपुर एवं मंडल रतनपुर कलां के आंशिक क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न वर्गों के लोगों को आमंत्रित कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, भाजपा मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों एवं प्रवासियों, बूथ अध्यक्षों, ग्राम संयोजकों और ग्राम प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इसके अलावा पंचायत सहायकों, रोजगार सेवकों, आंगनवाड़ी सुपरवाइजरों, कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, आशा कार्यकत्रियों, संगिनियों, समूह सखियों, केयरटेकरों, चौकीदारों, राशन डीलरों, सफाई कर्मियों एवं बैंक मित्रों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने सभी से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने स्नेह और सम्मान के प्रतीक स्वरूप सभी आमंत्रित लोगों को डिनर सेट एवं मिष्ठान भेंट किए। साथ ही सभी के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें समाज के विभिन्न वर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों में जनसेवा से जुड़े प्रतिनिधियों और जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं एवं व्यवस्थाओं को संचालित करने वाले कर्मचारियों को एक साथ सम्मान और अपनत्व का अनुभव कराने का प्रयास किया गया। ग्राम पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक कार्य करने वाले लोगों को एक मंच पर आमंत्रित कर विधायक ने सामाजिक सहभागिता और आपसी समन्वय का संदेश दिया।

ठाकुर रामवीर सिंह ने इस अवसर पर सभी के प्रति स्नेह, सम्मान और आत्मीयता का भाव बनाए रखने की भावना व्यक्त की। दीपावली के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने त्योहार की खुशियों को साझा करने के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच आपसी जुड़ाव और सम्मान की भावना को भी मजबूत करने का संदेश दिया@शांतनु/INN
