मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुंडिया भायपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत से गांव में शोक और मातम का माहौल है। बुधवार को कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह दिवंगत बच्चों को अंतिम विदाई देने उनके गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस हृदयविदारक घटना पर दुख जताया।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों का असमय दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति उनकी पूरी संवेदना है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस दौरान विधायक ने हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए पांच बच्चों के परिजनों से भी मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही परिजनों को भरोसा दिलाया कि घायलों के उपचार और जरूरत के समय हरसंभव सहयोग के लिए प्रयास किए जाएंगे।

अधिकारियों से की घायलों के उपचार को लेकर चर्चा
गांव में मौजूद उपजिलाधिकारी मुरादाबाद, एसपी सिटी मुरादाबाद एवं क्षेत्राधिकारी (सीओ) हाईवे सहित शासन-प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों से विधायक ने वार्ता की। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता मुहैया कराने के संबंध में आवश्यक चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से घायलों के उपचार पर विशेष ध्यान देने और पीड़ित परिवारों की जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपेक्षा की।

दुख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े नजर आए विधायक
इस हादसे के बाद विधायक ठाकुर रामवीर सिंह का पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचना और घायलों के उपचार को लेकर अधिकारियों से बातचीत करना चर्चा का विषय रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनकी हरसंभव मदद के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

हादसे में दो मासूमों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हर कोई दिवंगत बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें और घायल बच्चों को जल्द से जल्द स्वस्थ करें@शांतनु/INN
