राजस्थान के नागौर में पटाखों के गोदाम में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ली क्षेत्र में हुए इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक दोनों व्यक्ति नागौर शहर के बनबाजारवाड़ा क्षेत्र के रहने वाले थे। पुलिस ने दोनों शवों को एंबुलेंस की मदद से जेएलएन अस्पताल की मॉर्चरी में भिजवा दिया है। मौके पर नागौर वृत्ताधिकारी जतिन जैन, तहसीलदार नरसिंह टाक और कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
