मुरादाबाद। जनपद में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वहीं, अलग-अलग कार्रवाई में एक अन्य युवक को भी अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
संगठित गिरोह बनाकर करते थे अवैध हथियारों का कारोबार
भोजपुर पुलिस ने 3 नवंबर को मयंक गुर्जर पुत्र सुभाष निवासी हिमगिरि कॉलोनी, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त अपने साथियों के साथ कथित रूप से संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ के लिए अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता था। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक खाली मैगजीन और 32 बोर के पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेशपाल मलिक के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अनुज कुमार, हेड कांस्टेबल अरशद जैदी और कांस्टेबल निखिल कुमार शामिल रहे।

इस मामले में थाना भोजपुर में मुकदमा संख्या 478/2026 के तहत बीएनएस की धारा 111(2)(b) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 28 अक्टूबर को भी इस मामले से जुड़े एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, छह जिंदा कारतूस, 32 बोर की अवैध पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था।
प्लाटिंग के पास से पिस्टल और पांच कारतूस के साथ दूसरा गिरफ्तार
भोजपुर पुलिस ने 4 नवंबर को दूसरी कार्रवाई करते हुए सुन्दर पुत्र हरगोविन्द निवासी ग्राम लोधीपुर बिशनपुर, थाना मझोला को ग्राम रुस्तमपुर तिगरी नहर पुलिया के पास हो रही प्लाटिंग से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में थाना भोजपुर में मुकदमा संख्या 491/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शराफत हुसैन के साथ हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल परमजीत सिंह और कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।

शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में तीन हिरासत में
अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोजपुर पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
एसएसपी के निर्देशन में जारी है अभियान
एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। भोजपुर पुलिस की इन कार्रवाइयों को अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के अभियान का हिस्सा माना जा रहा है@जफर/इन
