मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर जिले में जमीन और मकानों के सर्किल रेट की समीक्षा की जा रही है। जिन राजस्व गांवों में लंबे समय से संपत्तियों की सरकारी मूल्यांकन दरों में बढ़ोतरी नहीं हुई है, वहां नई दरें लागू करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
प्रस्तावित नई सर्किल रेट सूची तहसीलवार तैयार की गई है। आम लोग इस सूची को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहायक महानिरीक्षक निबंधन, संबंधित एसडीएम और तहसीलदार कार्यालयों में देख सकते हैं। इसके अलावा संबंधित उप निबंधक कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर भी सूची चस्पा की जाएगी।
प्रस्तावित दरों को लेकर यदि किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति या सुझाव देना है तो वह अपने साक्ष्यों के साथ 6 नवंबर से 15 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक संबंधित कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से या अपने प्रतिनिधि के माध्यम से दे सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद मिलने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण 17 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में किया जाएगा।
आपत्तियों के निस्तारण के बाद नई मूल्यांकन दर सूची को अंतिम रूप देकर जिले के उप निबंधक कार्यालयों में लागू किया जाएगा@शांतनु/INN
