भगतपुर। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना भगतपुर क्षेत्र के ग्राम मझरा बेरखेड़ा चक में संचालित एक पनीर डेयरी पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की। यहां से डिटर्जेंट और रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल से तैयार किया गया पांच किलोग्राम संदिग्ध एवं असुरक्षित पनीर बरामद किया गया। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में डेयरी उपकरण, रासायनिक पदार्थ और प्रयोगशाला में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी मिली है।
पहले ही निरस्त हो चुका था डेयरी का पंजीकरण
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रजन सिंह को 4 नवंबर को सूचना मिली थी कि ग्राम मझरा बेरखेड़ा चक स्थित मेसर्स मोहम्मद रिजवान दूध डेयरी एवं पनीर में अवैध तरीके से पनीर तैयार कर उसकी आपूर्ति की जा रही है। बताया गया कि पूर्व में अवैध गतिविधियों के चलते इस डेयरी का एफएसएसएआई (FSSAI) पंजीकरण 10 मार्च 2026 को ही निरस्त किया जा चुका था।
सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग और थाना भगतपुर पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। डेयरी के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। टीम ने बगल के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो एक अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर फरार हो गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नियमानुसार परिसर में प्रवेश कर निरीक्षण और कार्रवाई की।

डिटर्जेंट और केमिकल से तैयार पनीर मिला
निरीक्षण के दौरान टीम को पांच किलोग्राम संदिग्ध एवं असुरक्षित पनीर मिला। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, यह पनीर डिटर्जेंट और रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल करके तैयार किया गया था। मौके से भारी मात्रा में डेयरी उपकरण और रासायनिक सामग्री भी बरामद हुई।
बरामद उपकरणों में सात बड़े प्लास्टिक ड्रम, सात लोहे के कंटेनर, पांच हजार लीटर क्षमता वाले दो स्टील कंटेनर, दो लोहे के टब, 500 लीटर का रेफ्रिजरेटर, क्रीम सेपरेटर मशीन, इलेक्ट्रिक तौल मशीन, डिस्टिल्ड वाटर संयंत्र और दो इलेक्ट्रिक सेंट्रीफ्यूज शामिल हैं। इसके अलावा पनीर दबाने के लिए लकड़ी के छह पटरे, ट्रैक्टर-ट्रॉली और छह भट्टियां भी मिलीं, जिन्हें मौके पर सील कर दिया गया।

सल्फ्यूरिक एसिड, सोडियम हाइड्रॉक्साइड और डिटर्जेंट भी बरामद
डेयरी परिसर से रासायनिक एवं प्रयोगशाला सामग्री भी मिली है। इसमें सल्फ्यूरिक एसिड की दो बोतलें, सोडियम हाइड्रॉक्साइड के पैकेट, एमाइल अल्कोहल, एथेनॉल, पांच लीटर ग्लिसरॉल, डिस्टिल्ड वाटर और एक किलोग्राम डिटर्जेंट पाउडर शामिल है। इसके अलावा बड़ी संख्या में टेस्ट ट्यूब, फ्लास्क, ब्यूरेट, पिपेट और अन्य प्रयोगशाला उपकरण बरामद किए गए।
परिसर के बाहर एक गड्ढे में करीब 50 हजार लीटर गंदा अवशिष्ट पानी भी पाया गया। इतनी बड़ी मात्रा में उपकरण और रासायनिक सामग्री मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डेयरी संचालक और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा
इस मामले में थाना भगतपुर में मोहम्मद रिजवान पुत्र शरीफ अहमद निवासी ग्राम मझरा बेरखेड़ा चक और अज्ञात संचालक के खिलाफ मुकदमा संख्या 340/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 274, 275 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 59(II) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है।

खाद्य सुरक्षा और पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से आयुक्त खाद्य द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रबहादुर यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रजन सिंह शामिल रहे।
वहीं पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष सुमित राठी ने किया। टीम में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मेहरबान अली, कांस्टेबल रोबिन और रिजर्व महिला कांस्टेबल संगीता शामिल रहीं@जफर/INN
