मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) एवं पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर विभिन्न बैंकों के बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने इन योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न बैंकों द्वारा पिछले सप्ताह स्वीकृत एवं वितरित ऋण/आवेदनों की बैंकवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बैंकर्स से निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धि की जानकारी लेते हुए योजना के लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत पात्र युवाओं के आवेदन पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न किया जाए। उन्होंने बैंकर्स को आगामी सप्ताह के लिए स्पष्ट साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंकों में लंबित एवं निरस्त आवेदन पत्रों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन आवेदन पत्रों को निरस्त किया गया है, उनकी पुनः समीक्षा की जाए तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पात्र आवेदकों को अनावश्यक रूप से योजना के लाभ से वंचित न किया जाए तथा आवेदन पत्रों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखी जाए।
जिलाधिकारी ने सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की नियमित निगरानी करते हुए योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए। जिलाधिकारी ने 12 नवंबर 2026 को पुनः समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने के निर्देश देते हुए सभी बैंकर्स को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए@शांतनु/INN
