मुरादाबाद। कोषागार मुरादाबाद से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे अपने स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकेंगे।
मुख्य कोषाधिकारी श्रीमती रेनू बौद्ध ने बताया कि कोषागार मुरादाबाद की ओर से राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान के तहत कैंप आयोजित कर पेंशनरों को इस सुविधा का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने के लिए पेंशनरों को सबसे पहले अपने या परिवार के किसी सदस्य के स्मार्टफोन में प्ले स्टोर से AadhaarFaceRD App और इसके बाद JeevanPramaan App डाउनलोड करना होगा।
दोनों ऐप इंस्टॉल होने के बाद JeevanPramaan App खोलकर उसमें दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने पर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र सीधे कोषागार में भेजा जा सकेगा।
मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनर भविष्य में भी इसी प्रक्रिया को अपनाकर घर बैठे अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें बार-बार कोषागार आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने पेंशनरों से अपील की कि आवेदन करते समय अपना बैंक खाता नंबर, आईएफएससी कोड और पीपीओ नंबर सावधानीपूर्वक भरें, ताकि जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो@शांतनु/INN
