मुरादाबाद। थाना मुगलपुरा क्षेत्र के लालबाग इलाके में पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर दो व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने झगड़े और मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज भी हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची लालबाग चौकी पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार 9 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे रानी किशोरी का फाटक निवासी श्याम पुत्र राममूर्ति और रामगंगा कॉलोनी निवासी भरे पुत्र रमेश कश्यप के बीच पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। दोनों के बीच गाली-गलौज होने से क्षेत्र में हंगामे की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लालबाग उपनिरीक्षक ओम शुक्ला पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया तो दोनों व्यक्ति कथित तौर पर शराब के नशे में पाए गए और आपस में विवाद करते हुए शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे थे।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान श्याम पुत्र राममूर्ति निवासी रानी किशोरी का फाटक तथा भरे पुत्र रमेश कश्यप निवासी रामगंगा कॉलोनी, लालबाग, थाना मुगलपुरा के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लालबाग उपनिरीक्षक ओम शुक्ला एवं थाना मुगलपुरा पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी@शांतनु/INN
