मुरादाबाद। पुलिस की वर्दी को अक्सर कानून-व्यवस्था, अनुशासन और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है, लेकिन इसी वर्दी के पीछे एक संवेदनशील इंसान भी होता है, जो किसी की छोटी-सी खुशी को भी खास बना सकता है। मुरादाबाद के काली माता मंदिर परिसर में ऐसा ही एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जिसने पुलिस की मानवीय छवि को एक बार फिर सामने ला दिया।
दरअसल, मंदिर में दर्शन के लिए अपनी मां के साथ पहुंचा एक नन्हा बच्चा महादेव मंदिर में लगे घंटे को बजाने की कोशिश कर रहा था। बच्चा बार-बार उचककर घंटे तक हाथ पहुंचाने का प्रयास करता रहा, लेकिन उसकी छोटी-सी लंबाई के सामने घंटा कुछ ऊंचाई पर था। काफी कोशिशों के बाद भी जब वह घंटा नहीं बजा सका तो मायूस होकर अपनी मां के साथ भीड़ में आगे बढ़ गया।
मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात लालबाग चौकी प्रभारी एसआई ओम शुक्ला की नजर बच्चे की इस मासूम कोशिश और उसकी मायूसी पर पड़ गई। उन्होंने बच्चे की छोटी-सी इच्छा को समझा और उसे पूरा करने का फैसला किया। इसके बाद वह बच्चे की मां के पास पहुंचे और बच्चे को अपनी गोद में उठाकर घंटे तक पहुंचाया। फिर बच्चे ने पूरे उत्साह के साथ मंदिर का घंटा बजाया।
घंटे की आवाज के साथ ही बच्चे के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। उसकी मासूम मुस्कान ने वहां मौजूद लोगों का भी ध्यान आकर्षित किया। एक पुलिस अधिकारी की इस छोटी-सी पहल ने यह संदेश दिया कि संवेदनशीलता और इंसानियत किसी पद या वर्दी की मोहताज नहीं होती।
यह घटना भले ही छोटी हो, लेकिन इसका संदेश बेहद बड़ा है। पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध रोकना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की सुरक्षा करना ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनके जीवन में खुशियों के छोटे-छोटे पल जोड़ना भी है।
वर्दी का असली सम्मान केवल सख्ती से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सेवा और इंसानियत से भी बढ़ता है। एसआई ओम शुक्ला की यह पहल पुलिस के मानवीय चेहरे की एक खूबसूरत मिसाल बन गई@शांतनु/INN
