देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। उत्तर भारत में जहां धीरे-धीरे सर्दी दस्तक दे रही है, वहीं अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम में इस बदलाव की मुख्य वजह एक नया पश्चिमी विक्षोभ माना जा रहा है, जिसके 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम के इस सिस्टम का सबसे ज्यादा असर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिल सकता है। 11 से 13 नवंबर के बीच इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी के साथ गरज-चमक होने का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। वहीं, 12 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
मैदानी इलाकों में भी दिखेगा असर
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच सकता है। पंजाब में 12 से 15 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 11 और 12 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और बागपत समेत आसपास के जिलों में मौसम बदलने के आसार हैं।
दिल्ली में बारिश नहीं, प्रदूषण बढ़ने की आशंका
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन मौसम की स्थिति वायु प्रदूषण को और गंभीर बना सकती है। हवाओं की रफ्तार धीमी रहने और अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवाओं के मिलने के कारण प्रदूषक वातावरण में फंसे रह सकते हैं। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता और खराब होने की आशंका है। 10 नवंबर का दिन विशेष रूप से चिंताजनक हो सकता है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अनुमान
उत्तर भारत में मौसम बदलने के साथ दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 15 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में 9 और 10 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, केरल और लक्षद्वीप में 10 नवंबर को भारी वर्षा हो सकती है। केरल और माहे में 11 और 12 नवंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश
मौसम का असर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी देखने को मिल सकता है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में 9 से 12 नवंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 9 से 15 नवंबर के बीच कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वी भारत में गिरेगा तापमान, ठंड पर भी पड़ेगा असर
बारिश और बदलते मौसम के बीच पूर्वी भारत के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आने की संभावना है। हालांकि, देश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आने से इस बार सर्दियों के सामान्य पैटर्न पर भी असर पड़ सकता है। इन सिस्टम के बीच पर्याप्त अंतराल नहीं मिलने से उत्तर और उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाओं को दक्षिण की ओर बढ़ने का पूरा मौका नहीं मिल पाएगा। इसका असर मध्य और दक्षिण भारत में सर्दी की शुरुआत पर पड़ सकता है। यानी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी रह सकता है, लेकिन मैदानी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में ठंड की रफ्तार धीमी रहने की संभावना है।
