कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है। इस बार उन्होंने छत्तीसगढ़ के बस्तर में CRPF जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे पीएम मोदी का वीडियो साझा करते हुए उन पर निशाना साधा।
दरअसल, वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई संस्थानों और संगठनों पर अब ‘दिमागी नक्सलियों’ का कब्जा हो गया है।
पीएम मोदी के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने CRPF जवानों का जिक्र किया और कहा कि उनके चेहरों से साफ नजर आ रहा था कि वे प्रधानमंत्री की बातों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं को नक्सली कहा गया है, लेकिन प्रधानमंत्री के साथ बहस करने की उनकी चुनौती अब भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी किसी भी समय और किसी भी जगह बहस के लिए तैयार हो जाएं। बहस का मुद्दा यह होगा कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि इस बहस के बाद प्रधानमंत्री में किसी भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं बचेगी। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
