कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को लेकर एक अहम खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि साल 2010 में एक बातचीत के दौरान प्रणब मुखर्जी ने ऐसी बात कही थी, जिससे वह हैरान रह गई थीं। उनके मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने संकेत दिया था कि अब देश के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि उन्होंने प्रणब मुखर्जी की इस बात को प्रधानमंत्री बनने की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा के तौर पर समझा था। हालांकि, उन्होंने उस समय बातचीत का रुख बदल दिया और इस मुद्दे पर आगे चर्चा नहीं की।
सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री और उनके बीच जिम्मेदारियों का एक अनकहा बंटवारा था, जो बेहतर तरीके से काम कर रहा था। सरकार और संगठन के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए हर सप्ताह एक कोर ग्रुप की बैठक होती थी, जिसमें प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, एके एंटनी और अहमद पटेल जैसे वरिष्ठ नेता शामिल थे।
किताब में सोनिया ने प्रणब मुखर्जी और तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बीच गंभीर मतभेदों का भी जिक्र किया है। गौरतलब है कि साल 2012 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए ने प्रणब मुखर्जी को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था, जिसके बाद वह देश के राष्ट्रपति चुने गए।
