कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ रिलीज हो गई है। इस किताब के जरिए सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी और राजनीतिक सफर से जुड़े कई अनसुने पहलुओं पर खुलकर बात की है। इनमें सबसे चर्चित सवाल उनके प्रधानमंत्री न बनने के फैसले से जुड़ा है। सोनिया गांधी ने बताया है कि उन्होंने पहले ही तय कर लिया था कि वह प्रधानमंत्री की कुर्सी स्वीकार नहीं करेंगी।
सोनिया गांधी के मुताबिक, उनके इस फैसले के पीछे उनके परिवार की भावनाएं भी एक बड़ी वजह थीं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। दरअसल, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या से जुड़े दर्दनाक अनुभवों ने दोनों के मन में इस पद को लेकर असुरक्षा और खतरे की आशंका पैदा कर दी थी।
राहुल-प्रियंका ने भी जताई थी चिंता
किताब में सोनिया गांधी ने लिखा है कि राहुल और प्रियंका दोनों उनके प्रधानमंत्री बनने के विचार से सहमत नहीं थे। जब बच्चों ने उनसे इस बारे में सवाल किया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री बनने से इनकार कर दिया। सोनिया के अनुसार, उनका जवाब सुनकर दोनों ने राहत महसूस की। इसके बाद परिवार में इस मुद्दे पर दोबारा चर्चा नहीं हुई।
सोनिया गांधी ने यह भी बताया कि लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले उनके बच्चों ने उनसे सीधे पूछा था कि अगर कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो क्या वह प्रधानमंत्री पद संभालेंगी? इस पर उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। बच्चों ने जब दोबारा पूछा कि क्या वह अपने फैसले को लेकर आश्वस्त हैं, तो सोनिया ने दोहराया कि वह इस मामले में पूरी तरह स्पष्ट हैं।
चुनाव प्रचार में क्यों छिपाकर रखा अपना फैसला?
सोनिया गांधी ने किताब में बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने सार्वजनिक रूप से कभी यह स्पष्ट नहीं किया कि कांग्रेस की जीत होने पर वह प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। जब भी उनसे इस बारे में सवाल किया जाता, वह जवाब देने से बचती थीं।
उनके मुताबिक, उस समय कांग्रेस के सामने राजनीतिक अस्तित्व की चुनौती थी। ऐसे में वह पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर किसी तरह का विवाद या खींचतान नहीं चाहती थीं। यही वजह थी कि उन्होंने अपने इस फैसले की जानकारी करीबी सहयोगियों तक को नहीं दी।
सोनिया गांधी ने यह भी लिखा कि उनका मानना था कि देश की सरकार का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथों में होना चाहिए, जिसे शासन चलाने का पर्याप्त अनुभव हो और जिसका सार्वजनिक जीवन ईमानदारी की मिसाल रहा हो।
