इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एक बार फिर टीमों की संख्या बढ़ सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) साल 2028 से आईपीएल में कम से कम दो नई फ्रेंचाइजी शामिल करने की योजना पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो टूर्नामेंट में मौजूदा 10 टीमों की जगह 12 टीमें खेलती नजर आ सकती हैं।
‘मिंट’ की रिपोर्ट के अनुसार, नई फ्रेंचाइजी के लिए पुणे और वडोदरा संभावित शहरों की सूची में शामिल हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी शुरुआती स्तर पर चर्चा चल रही है और किसी भी शहर का नाम अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईपीएल का यह विस्तार 2028 से 2032 तक चलने वाले अगले मीडिया राइट्स चक्र के दौरान हो सकता है। नई टीमों में निवेश को लेकर घरेलू कारोबारी समूहों के साथ-साथ विदेशी निवेशकों की भी दिलचस्पी बताई जा रही है। अनुमान है कि प्रत्येक नई फ्रेंचाइजी की कीमत 1 अरब डॉलर से अधिक हो सकती है।
संभावित निवेशकों में प्राइवेट इक्विटी फर्म, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और एशियाई निवेश संस्थाएं शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा भारत के बड़े कारोबारी घरानों और अधिक संपत्ति वाले निवेशकों की भी रुचि सामने आई है।
गौरतलब है कि पुणे इससे पहले भी आईपीएल टीमों का घरेलू मैदान रह चुका है। 2011 से 2013 तक पुणे वॉरियर्स इंडिया और 2016-17 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ने यहां से अपने घरेलू मुकाबले खेले थे।
आईपीएल में आखिरी बार 2022 में टीमों की संख्या बढ़ाई गई थी। उस समय गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के जुड़ने के बाद लीग में कुल 10 टीमें हो गई थीं। अब अगर बीसीसीआई की नई योजना आगे बढ़ती है, तो आईपीएल का रोमांच और भी बढ़ सकता है।
हालांकि, फिलहाल दो नई टीमों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
