अमरोहा, 10 नवंबर। उत्तरी भारत के ऐतिहासिक तिगरी धाम कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां एक ओर जहां जोर-शोर से जारी हैं, वहीं दूसरी ओर मेला प्रशासन के कुछ फैसलों ने साधु-संतों और श्रद्धालुओं के बीच गहरा रोष पैदा कर दिया है। सदियों पुरानी धार्मिक परंपराओं के विपरीत, मेले में साधु-संतों, अन्न क्षेत्रों, भंडारों और हवन-यज्ञ के लिए वर्षों से सुरक्षित रखे जाने वाले सेक्टर चार को इस बार शौचालय निर्माण के ठेकेदार शिव ओम के हवाले कर दिया गया है।

इसके अलावा, प्रशासनिक कैंप के लिए निर्धारित सेक्टर सात के वीवीआईपी प्रशासनिक कैंपस में श्री साईं शिविर को स्थान दिए जाने पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तिगरी घाट के पुरोहित मनोज शर्मा सहित अन्य पुरोहितों का आरोप है कि परंपरागत स्थल ठेकेदार के हवाले होने से अन्न क्षेत्रों, सिद्धू भंडारा और साधु-संतों के शिविरों के लिए जगह ही नहीं बची है।
मेले की आत्मा साधु-संतों और अनुष्ठानों में बसती है, लेकिन प्रशासनिक प्राथमिकताओं में इन्हें दरकिनार किया जा रहा है। विरोध की आवाजें उठने पर स्थानीय विधायक राजीव तरारा ने शीघ्र ही जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।

दीपावली के बाद मेला क्षेत्र धीरे-धीरे तंबुओं के विशाल नगर का रूप लेने लगा है। 15 से 24 नवंबर तक चलने वाले इस मेले का औपचारिक शुभारंभ 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी पर होगा, जिसमें प्रदेश के प्रभारी मंत्री, स्थानीय सांसद और विधायक मां गंगा की महाआरती करेंगे। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व पर करीब 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। विशाल भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने मेला क्षेत्र को 24 सेक्टरों में विभाजित किया है और 24 अस्थायी गंगा घाट बनाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने 1.89 करोड़ रुपये की लागत से 22 किलोमीटर लंबा अस्थायी सड़क मार्ग तैयार किया है। वीआईपी और आम श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं, साथ ही रात में आवागमन सुगम बनाने के लिए रिफ्लेक्टिव साइनेज और एलईडी सूचक लगाए गए हैं।

यातायात और बुनियादी सुविधाओं के तहत 16 पार्किंग स्थल तथा अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है, जहां मुरादाबाद रीजन से 160 मेला स्पेशल बसें चलेंगी। नेटवर्क समस्या दूर करने के लिए नया मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में लगभग 3500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जिनकी निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से होगी। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस चौकी और स्नान घाटों पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती वाले वॉच टावर बनाए जा रहे हैं। अग्निशमन विभाग ने भी आगजनी से निपटने के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि मेले का 60 से 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और बाकी कार्य तय सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो@ब्यूरो/INN
