कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग का गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। राहुल गांधी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दावा किया कि उनके फोन में ऐसे कई सबूत और जानकारियां मौजूद हैं, जिनकी जानकारी प्रधानमंत्री को भी है।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री उनका फोन टैप करते हैं और उनके पास इससे जुड़े सबूत भी हैं। उन्होंने पीएम मोदी को आमने-सामने बहस करने की चुनौती देते हुए कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री वन-ऑन-वन डिबेट के लिए सामने आएंगे, उस दिन देश को पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के नियंत्रण में है और कौन देशविरोधी गतिविधियों में शामिल है।
राहुल गांधी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ‘सबूत यहीं हैं। इस फोन में हैं। प्रधानमंत्री को पता है, क्योंकि वह मेरा फोन टैप करते हैं।’ उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके फोन में कई अन्य जानकारियां मौजूद हैं, जिनसे देशविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के बारे में पता चल सकता है।
