कुंदरकी। गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र कुंदरकी की नगर पंचायत में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की गई। नगर पंचायत कार्यालय के पीछे आयोजित कार्यक्रम में भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने प्रस्तावित पुस्तकालय का विधिवत शिलान्यास किया।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि पुस्तकालय क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए ज्ञान और शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां युवाओं को अध्ययन करने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। पुस्तकालय के निर्माण से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा और उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का विस्तार और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विकास की प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के साथ शिक्षा संबंधी सुविधाओं को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में नगर पंचायत कुंदरकी की चेयरमैन श्रीमती जीनत मेंहदी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के सम्मानित कार्यकर्ता मौजूद रहे@शांतनु/INN
