उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेताओं ने गुरुवार को साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नए गठबंधन का ऐलान किया। इस गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह मोर्चा 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से भी इस मोर्चे में शामिल होने की अपील की। चंद्रशेखर ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट होना जरूरी है, लेकिन कुछ नेताओं के अहंकार के कारण बड़ा गठबंधन नहीं बन पा रहा है।
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बीजेपी को उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी और वंचित वर्गों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। ओवैसी ने कहा कि दबे-कुचले वर्गों को अब तक केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया गया है।
चंद्रशेखर आजाद को इस गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया गया है। दोनों नेताओं ने 26 नवंबर को अगली बैठक आयोजित करने की जानकारी भी दी। चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि यह केवल तीसरा राजनीतिक मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने बीजेपी नेता गिरिराज सिंह पर भी टिप्पणी की। इसके अलावा उन्होंने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल किए। अब इस नए गठबंधन के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की 2027 की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।
