उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। उत्तराखंड के लोगों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब व्यक्तिगत टिप्पणियों तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश यादव सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते। योगी के इस बयान को अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव से जोड़कर देखा जा रहा है।
योगी के बयान पर अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे गोपालकों का अपमान बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण के अपमान से भी जोड़ दिया। अखिलेश ने कहा कि सनातनी वस्त्र पहनकर इस तरह की निम्नस्तरीय भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को 5 प्रतिशत अहंकारियों और 95 प्रतिशत PDA के बीच की लड़ाई करार दिया।
डिंपल यादव का नाम लिए बिना योगी ने अखिलेश पर कसा तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव के दौरान अखिलेश यादव के पुराने बयान का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश यादव सैफई में भैंस चरा रहे होते। योगी ने उत्तराखंड के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए मां गंगा, यमुना और सरयू का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उत्तराखंड के लोगों के प्रति संकुचित सोच रखते हैं और घुसपैठियों के मुद्दे पर भी दोहरा रवैया अपनाते हैं।
अखिलेश बोले- गोपालकों का अपमान अक्षम्य
योगी के बयान पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गोपालकों का अपमान अक्षम्य है और इस तरह की टिप्पणी से भगवान श्रीकृष्ण का भी अपमान होता है। अखिलेश ने मुख्यमंत्री पर धार्मिक प्रतीकों और भगवान राम, शिव व कृष्ण के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री को संवैधानिक पद की मर्यादा का ध्यान रखने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि सनातनी वस्त्र पहनकर इतनी निम्नस्तरीय भाषा नहीं बोलनी चाहिए। अपने बयान में अखिलेश ने वाराणसी में पाल समाज से जुड़े विवाद और धार्मिक स्थलों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।
2027 में 95 बनाम 5 की लड़ाई का दावा
अखिलेश यादव ने इस बयानबाजी को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2027 का चुनाव 5 प्रतिशत अहंकारियों, वर्चस्ववादियों और प्रभुत्ववादियों बनाम 95 प्रतिशत PDA के बीच होगा।
अखिलेश ने कहा कि PDA का दायरा लगातार बढ़ रहा है और इसमें समाज के सभी वर्गों के पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग शामिल हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा।
उत्तराखंड के लोगों को लेकर बयान से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, विवाद की शुरुआत SIR के मुद्दे पर अखिलेश यादव की एक टिप्पणी से हुई थी। अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड के लोगों को लेकर घुसपैठियों से जुड़ी टिप्पणी की थी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी उत्तराखंड वापस भेजने की बात कही थी।
इस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसे देवभूमि के सम्मान और उत्तराखंड के लोगों के स्वाभिमान से जोड़ते हुए अखिलेश के बयान की आलोचना की थी। अब योगी आदित्यनाथ के पलटवार और अखिलेश यादव के जवाब के बाद यूपी की सियासत में 2027 के चुनाव से पहले बयानबाजी और तेज होती दिखाई दे रही है।
Do you like this personality?
