जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार से लापता चल रहे दोनों पुलिसकर्मियों के शव गुरुवार को बरामद किए गए। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं। ऐसे में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों किश्तवाड़ के दच्छन इलाके में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के साथ तैनात थे। जानकारी के मुताबिक, बुधवार को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की पोस्ट की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में अचानक लापता हो गए। शुरुआत में उनके मोबाइल फोन चालू थे, लेकिन कुछ समय बाद संपर्क टूट गया।
दोनों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी अभियान में ड्रोन और खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई। सुरक्षा बलों ने जंगलों और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में कई टीमों को तैनात कर तलाश की। आखिरकार दोनों के शव बरामद हुए।
सर्विस हथियारों का मौके से गायब होना जांच का अहम पहलू बन गया है। अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना ठीक नहीं होगा। वहीं, किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने घटना पर दुख जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, बारामुला में भी सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान बदरकूट के जंगलों से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए हैं। इस मामले में गुलाम जीलानी रेशी नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की तलाशी में पहले एक ग्रेनेड मिला, जबकि उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया दूसरा ग्रेनेड भी बरामद हुआ। मामले में FIR दर्ज कर विस्फोटकों के स्रोत और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है।
वहीं, कुलगाम में CRPF टीम पर हमले के बाद आतंकियों की तलाश में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
