मुरादाबाद। विधानसभा कुंदरकी में जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की दिशा में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कैंप कार्यालय, महर्षि दयानंद सरस्वती लॉ कॉलेज, भदासना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों से आत्मीय मुलाकात की और उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए सम्मानित नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने प्रत्येक प्रार्थना-पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

जनता के बीच रहकर समस्याओं का समाधान प्राथमिकता
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह का कहना है कि जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता के बीच रहना, उनकी बात सुनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना है। उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर भटकने को मजबूर न हो। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।
विकास के साथ जनविश्वास को मजबूत करने का प्रयास
ठाकुर रामवीर सिंह ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि कुंदरकी विधानसभा का विकास और जनता की खुशहाली उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान, जनसुविधाओं में सुधार और विकास कार्यों को गति देना उनके संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्रवासियों के सहयोग और विश्वास के साथ कुंदरकी को विकास की नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।
‘विधानसभा कुंदरकी, मेरा परिवार’ की भावना को आत्मसात करते हुए विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने दोहराया कि क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है। जनता की सेवा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनका संकल्प है@शांतनु/INN
