मुरादाबाद। थाना मझोला क्षेत्र की मानसरोवर कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। कॉलोनी में एक विशाल पेड़ की टहनियां कटवाई जा रही थीं। इसी काम के लिए पेड़ पर चढ़ा एक मजदूर जैसे ही ऊपरी हिस्से में पहुंचा, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन लाइन के संपर्क में आ गया।
तेज करंट लगते ही मजदूर कुछ ही क्षणों में बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सदमे में आ गए। चीख-पुकार मचने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों और राजगीरों ने बताया कि मजदूर हाई-टेंशन तारों से चिपका हुआ था, जिससे उसे नीचे उतारना मुश्किल हो गया। सूचना पर मझोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान थाना पाकबड़ा क्षेत्र के रहने वाले मजदूर के रूप में हुई है, हालांकि नाम और पूरा पता स्पष्ट होने की प्रतीक्षा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।

घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पेड़ के बिल्कुल पास से हाई-टेंशन लाइन गुजर रही है, जो सुरक्षा मानकों की खुली अनदेखी है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की विस्तृत जांच और मृतक की पूरी पहचान में जुटी है
