कटऑफ और उत्तर कुंजी न जारी होने पर आक्रोश
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के बाहर सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रतियोगी छात्रों ने धरना-प्रदर्शन शुरू किया। पीसीएस, आरओ-एआरओ सहित विभिन्न परीक्षाओं में कटऑफ, प्राप्तांक और संशोधित उत्तर कुंजी सार्वजनिक न किए जाने से नाराज छात्रों ने पारदर्शिता और अपने अधिकारों की मांग को लेकर आयोग के मुख्य द्वार पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

पुलिस ने धरनास्थल से हटाया
स्थिति को देखते हुए आयोग परिसर और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को धरनास्थल से हटा दिया। छात्रों के आरोप है कि पुलिस ने छात्रों को बेरहमी से मारा है। छात्रों को सड़क पर बुरी तरह घसीटा गया।

छात्र नेता ने उठाए पारदर्शिता पर सवाल
धरने का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता आशुतोष पांडेय ने कहा कि यूपीपीएससी की परीक्षाओं में पारदर्शिता को लेकर वर्षों से सवाल उठते रहे हैं, लेकिन आयोग की ओर से अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं किया गया।

निष्पक्षता पर संदेह का आरोप
उन्होंने कहा कि जब अंतिम परिणाम घोषित हो जाता है, उसके बाद भी यदि संशोधित उत्तर कुंजी, सभी वर्गों का कटऑफ और अभ्यर्थियों की मार्क्स लिस्ट सार्वजनिक नहीं की जाती, तो पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह पैदा होता है। इसी असंतोष के खिलाफ छात्र शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे हैं।

छात्रों की प्रमुख मांगें
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांगों में –
संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी तत्काल जारी करना
सभी वर्गों का कटऑफ प्रकाशित करना
सभी अभ्यर्थियों की प्राप्तांक सूची सार्वजनिक करना
आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराना
शामिल हैं@ZAFAR-INN
