मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) की ओर से बृहस्पतिवार, 18 दिसंबर को सिरसवां दोराहे पर किसानों की महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी रोहित देवल ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर दी है।
महापंचायत में किसानों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। प्रमुख मांगों में ग्राम बरखेड़ा चक स्थित धान क्रय केंद्र पर धान की खरीद न होने का मुद्दा शामिल है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा पशुओं का समय पर टीकाकरण न होने के कारण बड़ी संख्या में पशु बीमार पड़ने का मामला भी महापंचायत में उठाया जाएगा। वहीं, सिरसवां दोराहे पर स्थित एक धार्मिक स्थल के ऊपर से बिजली विभाग द्वारा हाई टेंशन लाइन खींचे जाने को लेकर भी किसानों और स्थानीय लोगों में रोष है।
इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए महापंचायत में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें एसडीएम सदर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, बिजली विभाग के मुख्य अभियंता, एनएचएआई के अधिकारी, चीनी मिल के जीएम तथा प्रथमा बैंक के मुख्य प्रबंधक शामिल हैं। किसान नेताओं ने उम्मीद जताई है कि महापंचायत के माध्यम से समस्याओं का ठोस समाधान निकलेगा। @ZAFAR-INN
