मुरादाबाद : जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन तथा नागरिकों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को मुरादाबाद शहर में पीली कोठी चौराहे से कलेक्ट्रेट परिसर तक जनगणना जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

रैली में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती ममता मालवीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रैली के दौरान जनगणना-2027 के महत्व तथा स्व-गणना प्रक्रिया के संबंध में नागरिकों को जानकारी दी गई और उन्हें अपने परिवार की सही एवं अद्यतन जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि 30 नवंबर 2026 तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से भाग लें तथा अपने एवं अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण सही एवं पूर्ण रूप से डिजिटल माध्यम से दर्ज करें। स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

जनपद में स्व-गणना को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता से आयोजित इस रैली का उद्देश्य जनसामान्य तक जनगणना-2027 के संदेश को पहुंचाना तथा अधिक से अधिक नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया से जोड़ना रहा। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट श्री युवराज सिंह सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे@शांतनु/INN
