महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े विधेयक को मंजूरी दे दी है। प्रस्तावित विधेयकों के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना है, जिससे महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ हो सके।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर महिला आरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति से किया गया वादा हर हाल में पूरा किया जाएगा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों को नहीं रोक पाएंगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग लंबे समय से उठती रही है। इस मुद्दे पर कई महिलाओं ने उनसे मुलाकात कर अपनी अपेक्षाएं जाहिर की हैं, जबकि अनेक महिलाओं ने पत्र लिखकर भी महिला आरक्षण लागू करने की मांग रखी है।
गौरतलब है कि सितंबर 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। अब सरकार की कोशिश है कि इससे जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर 2029 के लोकसभा चुनाव से इसे लागू किया जा सके।
