तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर ‘कार्तिगई दीपम’ पर्व के दौरान दीपक जलाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच CRPF ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने पहाड़ी, सुब्रमण्यस्वामी मंदिर और सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह की सुरक्षा अपने नियंत्रण में ले ली है।
दरअसल, दीपक जलाने की परंपरा को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ ‘दीपाथून’ पर दीपक जलाने की अनुमति दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि दीपक दरगाह से कम से कम 50 मीटर की दूरी पर जलाया जाएगा। साथ ही दरगाह और उसके परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों पर भी सख्त रुख अपनाया है। 20 नवंबर को दिए गए आदेश का पालन नहीं करने के मामले में राज्य के मुख्य सचिव, DGP समेत 13 अन्य अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया गया है। अदालत ने कहा कि सरकारी अधिकारियों की ओर से जानबूझकर न्यायालय के आदेशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जा सकती।
इसके अलावा, कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी के लिए मद्रास हाई कोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों वैद्यनाथन और पार्थिबन को रिसीवर नियुक्त किया है। उन्हें मंदिर का प्रबंधन धार्मिक रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, दरगाह की जमीन की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की अनुमति भी दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि उसके इस आदेश को विवादित जमीन के मालिकाना हक के फैसले के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है।
