मुरादाबाद : जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता, टीकाकरण, कैंसर स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान चिकित्सकों के रिक्त 29 पदों के सापेक्ष कराए गए साक्षात्कार के परिणाम के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि साक्षात्कार प्रक्रिया के परिणाम को यथाशीघ्र जारी करते हुए चयनित चिकित्सकों को नियमानुसार नियुक्ति प्रदान करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाकर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
एचपीवी टीकाकरण की समीक्षा के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं द्वारा लगातार एचपीवी वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टीकाकरण की पहुंच को और व्यापक बनाया जाए तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, जवाहर नवोदय विद्यालयों एवं राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र बालिकाओं के लिए विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने विद्यालय स्तर पर जागरूकता एवं समन्वय बढ़ाते हुए पात्र बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर एवं मुख के कैंसर के संभावित मरीजों के चिन्हांकन की प्रक्रिया को गंभीरता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर रोगों की पहचान होने से समय रहते उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्क्रीनिंग एवं संदिग्ध मरीजों के चिन्हांकन की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।
जन्म प्रमाण-पत्रों को समयबद्ध जारी करने को लेकर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को जन्म प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समयसीमा में प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को वितरित किए जाने वाले चश्मों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चश्मों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण चश्मे उपलब्ध कराए जाएं तथा वितरण प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी की जाए।

बैठक में कक्षा 09 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालय स्तर पर काउंसिलिंग एवं स्क्रीनिंग की प्रभावी व्यवस्था की जाए। आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र अपने क्षेत्र के पांच उत्कृष्ट स्वास्थ्य उपकेंद्रों का चिन्हांकन कर उनकी सूची एवं आवश्यक विवरण उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि चयनित स्वास्थ्य उपकेंद्रों को आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए सामान्य प्रसव केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस दिशा में आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं तथा जनवरी से चयनित स्वास्थ्य उपकेंद्रों को सामान्य प्रसव केंद्र के रूप में संचालित कराया जाए, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित एवं सुगम प्रसव सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
