मुरादाबाद। राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में गुरुवार को राष्ट्रीय संविधान दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण समारोह एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्या डॉ. सरस्वती की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में महिपाल सिंह ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही संविधान दिवस के महत्व, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व को समझने का अवसर मिला।
इसी क्रम में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 अभियान के अंतर्गत डॉ. आसिम के निर्देशन में रोड सेफ्टी क्लब की ओर से महाविद्यालय परिसर में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महाविद्यालय में आने वाले छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई।
क्लब के सदस्यों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूजा निर्माणिया ने किया, जबकि सफल आयोजन के अंत में श्री सचिन अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे@जफर/INN
