अमरोहा, 26 नवंबर। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में गंगा मेले की ड्यूटी पूरी कर घर लौटे 36 वर्षीय पुलिस आरक्षी प्रदीप कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पति-पत्नी के बीच कथित गृहक्लेश और पारिवारिक तनाव का पहलू भी सामने आया है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में दर्ज मुकदमे में मृतक की पत्नी सुजाता को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दंपती के बीच संबंधों में तनाव और आपसी विवाद के संकेत मिलने की बात पुलिस सूत्रों ने कही है। हालांकि, प्रदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या रही, इसका खुलासा विवेचना पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

थाना रहरा पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को मृतक के भाई की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 294/2026, धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 26 नवंबर को मृतक की पत्नी सुजाता (32 वर्ष), निवासी ग्राम फूलपुर, थाना रहरा, अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पत्नी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी है। पूछताछ में दंपती के बीच पारिवारिक संबंधों, आपसी विवाद और घटना से पहले की परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदीप कुमार की बुधवार सुबह घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह मंगलवार रात गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले की ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर चंदनपुर खादर लौटे थे। रात में पत्नी और दो बच्चों के साथ सोए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची रहरा थाना पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। उस समय मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था।
प्रदीप की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पत्नी समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने रहरा-हसनपुर मार्ग पर गंगेश्वरी मोड़ के सामने शव रखकर जाम भी लगाया था। करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम खोला गया था। अब भाई की तहरीर पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मुकदमा दर्ज होने और पत्नी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच नए घटनाक्रम के साथ आगे बढ़ रही है।
प्रदीप कुमार पुत्र गजराज सिंह मूल रूप से थाना रहरा क्षेत्र के ग्राम फूलपुर के निवासी थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उनकी वर्तमान तैनाती फर्रुखाबाद जनपद के थाना मऊ दरवाजा में आरक्षी के पद पर थी। उनकी ड्यूटी हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले में लगाई गई थी। उन्होंने वर्ष 2011 में होमगार्ड के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। करीब दस वर्ष तक होमगार्ड के रूप में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2021 में उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर हुआ था।
प्रदीप ने चंदनपुर खादर में चीनी मिल के पास अपना मकान बनाया था और करीब एक वर्ष से पत्नी सुजाता तथा नौ वर्षीय बेटे रुद्राक्ष और सात वर्षीय बेटी परी के साथ रह रहे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। वहीं, पत्नी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की विवेचना में यह स्पष्ट होना बाकी है कि दंपती के बीच चल रहा कथित पारिवारिक तनाव घटना की वजह बना या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी@ब्यूरो/INN
