मुरादाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल सिद्धांतों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यों में संवैधानिक मूल्यों, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने संविधान की गरिमा बनाए रखने और उसके आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का संकल्प लिया@शांतनु/INN
