मुरादाबाद। दिल्ली में 26 नवंबर 2020 को शुरू हुए ऐतिहासिक किसान आंदोलन की छठी बरसी पर गुरुवार को विभिन्न किसान संगठनों ने सरकार को उसके वादे याद दिलाने के लिए आंदोलन का बिगुल फूंका। भारतीय किसानों के संयुक्त राष्ट्रीय आह्वान पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित देशभर के मंडल मुख्यालयों पर आयोजित विरोध कार्यक्रम के तहत मुरादाबाद में भी बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए। किसानों ने गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने और दिल्ली किसान आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से किए गए वादों को पूरा करने की मांग उठाई।

गुरुवार को विभिन्न किसान संगठनों के किसान सिविल लाइंस स्थित अंबेडकर पार्क के सामने निरीक्षण भवन के बाहर एकत्रित हुए। यहां किसानों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि वर्ष 2020 में 26 नवंबर को दिल्ली की सीमाओं पर ऐतिहासिक किसान आंदोलन शुरू हुआ था, जो लंबे समय तक चला। आंदोलन के दौरान किसानों ने तीन कृषि कानूनों को वापस लेने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई थीं। लंबे संघर्ष के बाद केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए थे। इसके साथ ही एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित किसानों की अन्य मांगों पर भी सहमति और आश्वासन दिए गए थे। लेकिन आंदोलन समाप्त होने के बाद सरकार ने कई महत्वपूर्ण मांगों को पूरा नहीं किया। इसी वादाखिलाफी के विरोध में किसान आंदोलन की छठी बरसी पर देशव्यापी कार्यक्रम आयोजित कर सरकार को उसके वादे याद दिलाए जा रहे हैं।

धरने को संबोधित करते हुए किसान नेता महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि 26 नवंबर 2020 को शुरू हुआ किसान आंदोलन किसानों के संघर्ष और एकजुटता का प्रतीक है। उस आंदोलन को समाप्त हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन किसानों से किए गए तमाम वादे आज भी अधूरे हैं। एमएसपी की कानूनी गारंटी किसानों की प्रमुख मांग थी, लेकिन इस दिशा में अभी तक ठोस कदम नहीं उठाया गया है। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए सरकार को अपनी प्रतिबद्धता पूरी करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस समय किसानों की सबसे बड़ी मांग उत्तर प्रदेश में गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की है। गन्ने का वर्तमान मूल्य किसानों की लागत और बाजार में चीनी के दामों को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। आज बाजार में चीनी 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है, जबकि थोक में भी इसके दाम 60 से 62 रुपये प्रति किलो के आसपास हैं। इसके बावजूद गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चीनी के दाम इतने अधिक हैं तो गन्ना किसानों को उसका लाभ क्यों नहीं दिया जा रहा है?
महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राज्यों ने गन्ने के दामों में बढ़ोतरी की है। पंजाब में गन्ने का मूल्य 487 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश, जो देश के प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में शामिल है, वहां के किसानों को भी बेहतर मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ने का भाव घोषित करना चाहिए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिल सके। यदि किसान को उचित मूल्य नहीं मिलेगा तो अंततः महंगी चीनी खरीदने वाली आम जनता भी प्रभावित होगी।
उन्होंने बताया कि यह आंदोलन केवल मुरादाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय किसानों के संयुक्त राष्ट्रीय आह्वान पर पूरे देश के मंडल मुख्यालयों पर किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मुरादाबाद मंडल के बिजनौर से जिला अध्यक्ष सुनील प्रधान अपनी टीम के साथ पहुंचे हैं। इसके अलावा रामपुर, अमरोहा और संभल के किसान संगठनों के पदाधिकारी भी आंदोलन में शामिल हो रहे हैं।
किसान नेताओं ने बताया कि गुरुवार को निरीक्षण भवन के बाहर धरना रातभर जारी रहेगा। शुक्रवार को अंबेडकर पार्क से विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारी और किसान जुलूस के रूप में मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे। वहां मंडलायुक्त को अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन देने के बाद ही आंदोलन का समापन किया जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार नहीं करती और गन्ने का उचित मूल्य घोषित करने सहित पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन में मुरादाबाद मंडल के विभिन्न जिलों से आए किसान संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे@शांतनु/INN
