अमरोहा, 26 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा पर संपन्न तिगरी गंगा मेले में इस बार प्रशासनिक तैयारियों के विस्तार और जमीनी श्रद्धालु उपस्थिति के बीच अंतर चर्चा का विषय बना है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट पांटून पुल पर बुधवार को ही आवागमन रोक दिया गया था।

कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित तिगरी- गंगा मेले की तैयारियों, विस्तारित क्षेत्र और वास्तविक श्रद्धालुओं की संख्या के बीच के अंतर को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रशासन ने संभावित भीड़ को देखते हुए 24 सेक्टर और लगभग पांच किलोमीटर क्षेत्र में व्यवस्थाएं कीं, लेकिन प्रमुख स्नान-दीपदान स्थलों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के डेरों और टेंट सिटी में अपेक्षित चहल-पहल नहीं दिखने पर सवाल उठ रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने चार से पांच लाख श्रद्धालुओं के ही पहुंचने का अनुमान जताते हुए वास्तविक संख्या के पारदर्शी आकलन की मांग की है।

संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाकियू (संयुक्त मोर्चा) और “किसान युवा संसद” के पदाधिकारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना और संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ ली। इस दौरान संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और समानता, सामाजिक न्याय तथा आपसी सद्भाव के मूल्यों को संगठनात्मक कार्यों से जोड़ने पर बल दिया गया। ग्रामीण स्तर पर किसानों और आमजन के मुद्दे प्रभावी रूप से उठाने की बात भी कही गई।

मेला प्रशासन द्वारा इस बार मेले में 22 के बजाय 24 सेक्टर बनाए जाने और कांकाठेर के नजदीक तक क्षेत्र का विस्तार किए जाने का दावा किया था। ज़िला प्रशासन के निर्देश पर करीब 65 हजार टेंट, चार से पांच हजार अस्थायी शौचालय, वीआईपी टेंट सिटी और टीन शेड के व्यापक इंतजाम किए गए। हालांकि अनुभवी किसान नेता नरेश चौधरी का कहना है कि टेंटों और सुविधाओं के आंकड़ों से वास्तविक उपस्थिति तय नहीं होती और उनके आकलन के मुताबिक चार से पांच लाख श्रद्धालु ही मेले में पहुंच पाए।

स्नान व दीपदान का मुख्य क्षेत्र दो से तीन किलोमीटर तक सीमित रहा और ग्रामीण श्रद्धालुओं के पारंपरिक डेरों में भी कई दिन ठहरने वाली सामान्य चहल-पहल कम नजर आई। इस तरह श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर प्रशासन और संगठन के अनुमानों में बड़ा अंतर है। उत्तर प्रदेश शासन के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने लगभग 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की जानकारी दी गई, जबकि मेले से पहले प्रशासन ने 35 से 40 लाख के पहुंचने का अनुमान लगाया था। इस अंतर को समझने के लिए गणना के तरीके पर स्पष्टता जरूरी मानी जा रही है कि क्या यह पूरे आयोजन के आवागमन का संचयी आंकड़ा है या अलग-अलग दिनों में आने वालों को दोबारा गिना गया।

किसान युवा संसद में मेले के दौरान सामान्य श्रद्धालुओं के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था नहीं होने से कई लोगों को परेशानी झेलने के मुद्दे उठे। बस, ट्रेन और दोपहिया वाहनों से पहुंचने वाले तथा निजी या महंगे शिविरों का खर्च न उठा पाने वाले श्रद्धालु, जिन्हें स्थानीय तौर पर “छड़ा मेला” कहा जाता है, रात में अस्थायी आश्रय के अभाव में ठंड के बीच भटकते और खुले में ठिठुरते दिखे। कई श्रद्धालु स्नान के बाद व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताते हुए लौट गए।

हजारों टेंट और टेंट सिटी के इंतजाम के बीच रैन बसेरों की कमी ने मेले की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा किया है। इस विषय पर प्रतिक्रिया जानने के लिए मेला प्रशासन की प्रभारी एडीएम गरिमा सिंह और मेला मजिस्ट्रेट एवं धनौरा एसडीएम शैलेंद्र दुबे से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव न होने के कारण प्रशासन का पक्ष नहीं मिल सका।

समीक्षा के क्रम में मेले की सामाजिक और सांस्कृतिक भूमिका पर भी ध्यान दिलाया गया है। लोक संस्कृति, किसान-मजदूर जीवन, ग्रामीण परंपराओं और वंचित वर्गों की भागीदारी को सांस्कृतिक मंच पर समुचित स्थान मिलने से सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों का संदेश मजबूत हो सकता था जिसका सर्वथा अभाव नज़र आया। वहीं मेले के समापन के बाद बुधवार को पांटून पुल पर आवाजाही रोककर इसे बंद कर दिया गया, जिससे मेले की अस्थायी आवागमन व्यवस्था समाप्त हो गई@ब्यूरो/INN
