मुरादाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन मुरादाबाद में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा संवैधानिक दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में उल्लिखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत आदर्शों के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही संविधान के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन के अधिकारों की रक्षा और कानून का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करने की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में चल रहे विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

एसएसपी ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस लाइन परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और पुलिसकर्मियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कार्यों में लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई@जफर/INN
