मुरादाबाद : जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को आयोजित विशेष अभियान दिवसों के दौरान आमजन अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण अवश्य जांच लें।
उन्होंने बताया कि 01 जनवरी, 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित है। जनपद मुरादाबाद के सभी मतदेय स्थलों पर 28 एवं 29 नवम्बर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे तथा वर्तमान मतदाता भी अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों की जांच कर आवश्यकतानुसार संशोधन करा सकें।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनुनय झा ने बताया कि दोनों विशेष अभियान दिवसों पर जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के पास 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक अपने नाम एवं मतदाता विवरण की जांच कर सकेंगे। नागरिकों की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी रहेगी।
नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने जनपद के पात्र नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं अपने नाम की जांच करने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के युवाओं, महिलाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची का विशेष महत्व है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए अभियान के दौरान पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ कार्य करें।

फॉर्म-6, 7 एवं 8 के माध्यम से लिए जाएंगे आवेदन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में संशोधन तथा निवास परिवर्तन की स्थिति में फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। वहीं, नियमानुसार किसी अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटाने के संबंध में फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी मतदेय स्थलों पर पर्याप्त संख्या में आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध रहें तथा नागरिकों को आवेदन भरने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।
मतदेय स्थलों पर व्यवस्थाओं की होगी प्रभावी निगरानी
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनुनय झा ने निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन पूर्ण रूप से सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से कराया जाए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता, फॉर्म-6, 7 एवं 8 की पर्याप्त उपलब्धता, हेल्प डेस्क के संचालन तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए।

राजनीतिक दलों एवं स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों का लिया जाएगा सहयोग
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाने के लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), ग्राम प्रधानों, पार्षदों, स्थानीय स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों तथा अन्य स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लेने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तक अभियान की जानकारी पहुंचाई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष अभियान दिवसों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष रूप से ऐसे पात्र नागरिकों को जागरूक किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है।
हेल्पलाइन 1950 से भी मिलेगी सहायता
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं आवश्यक सहायता प्राप्त की जा सकती है। नागरिक मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की जांच करने तथा पंजीकरण एवं संशोधन से संबंधित जानकारी के लिए निर्धारित माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं@शांतनु/INN
