मुरादाबाद, 27 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने और कारीगरों को सशक्त बाजार उपलब्ध कराने के विजन की जीवंत तस्वीर ‘मुरादाबाद खादी महोत्सव-2026’ में देखने को मिल रही है। खादी तथा ग्रामोद्योग विभाग के तत्वावधान में युवा केन्द्र, सांई मन्दिर रोड, दीनदयाल नगर, मुरादाबाद में चल रहे इस विशेष आयोजन के दूसरे दिन 27 नवंबर को भव्य और आकर्षक ‘खादी फैशन शो’ आयोजित किया गया। मण्डल स्तरीय इस प्रदर्शनी को 130 स्टालों के साथ भव्य राष्ट्रीय प्रदर्शनी का स्वरूप दिया गया है, जहां आम नागरिकों के जबरदस्त उत्साह के चलते दूसरे दिन भी लगभग ₹6 लाख की कुल बिक्री दर्ज की गई। यह आयोजन विभाग की एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य खादी एवं ग्रामोद्योगी इकाइयों को नई पहचान दिलाना है।

रैंप पर दिखी पारंपरिक खादी और आधुनिक परिधानों की शानदार झलक
महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित ‘खादी फैशन शो’ ने पूरे परिसर में आकर्षण का केंद्र बिंदु बना दिया। फैशन शो के दौरान पारंपरिक खादी और आधुनिक परिधानों का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसे वहां मौजूद जनसमूह ने तालियों के साथ खूब सराहा। योगी सरकार की पहल पर खादी को आधुनिक जीवनशैली से जोड़ने का असर महोत्सव में साफ नजर आया। सुबह से ही परिसर में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी थी, और खादी व ग्रामोद्योगी वस्तुओं की खरीदारी को लेकर नागरिकों में दिनभर जबरदस्त जोश बना रहा।

अतिथियों ने स्टालों पर परखी गुणवत्ता, कारीगरों की शिल्प कला को सराहा
कार्यक्रम में नगर विधायक श्री रितेश गुप्ता की धर्मपत्नी श्रीमती कल्पना रितेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में और मुरादाबाद मण्डल के उपायुक्त श्री योगेश कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने देश के विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों से आई उत्कृष्ट खादी एवं ग्रामोद्योगी इकाइयों के स्टालों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कारीगरों की बारीक शिल्प कला और स्वदेशी उत्पादों की उच्च गुणवत्ता की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कश्मीर से बिहार और सहारनपुर से भदोही तक के स्वदेशी उत्पादों की बहार
प्रदर्शनी में आगंतुकों के लिए एक ही परिसर में देश के अलग-अलग हिस्सों के प्रसिद्ध उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं। यहां उत्तराखण्ड के ऊनी रेडीमेड वस्त्र और जम्मू-कश्मीर के ऊनी शॉल, सूट व ड्राई फ्रूट्स लोगों को खूब लुभा रहे हैं, तो वहीं राजस्थान की मशहूर नमकीन, पंजाब की पंजाबी जूती और बिहार के भागलपुर की प्रसिद्ध खादी भी ग्राहकों की खास पसंद बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के जनपदों से सहारनपुर का विश्वप्रसिद्ध वुडन हैंडीक्राफ्ट, कन्नौज का पारंपरिक इत्र, मेरठ का स्वादिष्ट अचार और भदोही के आकर्षक कालीन (कारपेट) भी प्रदर्शनी की रौनक बढ़ा रहे हैं। साथ ही सिल्क खादी, शुद्ध शहद, ऑर्गेनिक गुड़ एवं शक्कर तथा शुद्ध मसालों की भी जमकर खरीदारी हो रही है।

राष्ट्रीय स्वरूप में सजी प्रदर्शनी, स्थानीय व बाहरी कारीगरों के प्रोत्साहन की अपील
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी श्री सत्यवीर सिंह ने प्रदर्शनी और फैशन शो की सफलता पर प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कुल 130 स्टालों के माध्यम से इस मण्डल स्तरीय प्रदर्शनी को एक भव्य राष्ट्रीय प्रदर्शनी का रूप दिया गया है। अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचें और इन उत्कृष्ट स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय व बाहरी कारीगरों का मनोबल बढ़ाएं@शांतनु/INN
