मुरादाबाद। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क पर चल रहे भारी वाहनों के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। छजलैट थाना क्षेत्र में कांठ रोड पर लदावली के पास गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस बिजनौर की ओर जा रही थी। बस जैसे ही छजलैट थाना क्षेत्र में कांठ रोड स्थित लदावली के पास पहुंची, तभी उसकी गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घायल होकर बस के भीतर ही फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस का सहयोग किया। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान अर्चना और उनके बेटे सुशांत निवासी सदुपुरा, छजलैट, लोकेंद्र निवासी नूरपुर, बिजनौर तथा दीपिका चौहान के रूप में हुई है। मां-बेटे की एक साथ मौत से सदुपुरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, अन्य मृतकों के परिवारों में भी हादसे की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने के चलते अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
इस हादसे ने एक बार फिर गन्ने के सीजन में सड़कों पर चलने वाली गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और यात्री वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा@शांतनु/INN
