संसद के विशेष सत्र से पहले INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर अहम बैठक की। बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर चर्चा हुई। इसमें कांग्रेस, RJD, TMC, IUML और RSP समेत कई दलों के नेता शामिल हुए, जबकि NCP (SP) ने बैठक से दूरी बनाए रखी।
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए परिसीमन प्रस्ताव को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों की अनदेखी की गई है। खड़गे का कहना है कि SC-ST समुदाय की आबादी बढ़ने के अनुपात में उनकी आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रावधान प्रस्ताव में नहीं है।
खड़गे ने सरकार पर राजनीतिक दलों को तोड़ने और सीटों की संख्या बढ़ाकर लंबे समय तक सत्ता में बने रहने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी नेताओं ने इस संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करने पर सहमति जताई है।
इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, कपिल सिब्बल, मनोज झा, जयराम रमेश और के.सी. वेणुगोपाल समेत विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। गठबंधन का मानना है कि प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था देश के लोकतांत्रिक ढांचे को प्रभावित कर सकती है।
