मुरादाबाद। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने मुरादाबाद स्थित आरएसडी एकेडमी पब्लिक स्कूल एवं ग्रीन मिडो स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्रों/बूथों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित बूथों पर पहुंचकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम विलोपन तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त प्रकरणों तथा उनके निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने, अपात्र अथवा मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन से संबंधित आवेदनों को आयोग के निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध ढंग से निस्तारित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बूथों पर आने वाले नागरिकों की सुविधा के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का भी सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष अभियान दिवस के दौरान बूथों पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया में समुचित सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा उसमें आवश्यक संशोधन कराने में कठिनाई न हो।
उन्होंने बीएलओ को यह भी निर्देशित किया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं, विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों, महिलाओं तथा अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा प्राप्त प्रत्येक आवेदन की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ की जाए तथा पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 29 नवंबर 2026 को भी विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर जनपद के समस्त मतदान केंद्रों/बूथों पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक बीएलओ उपस्थित रहेंगे। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जनपद के पात्र नागरिक अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित करें तथा यदि नाम दर्ज नहीं है या नाम, पता एवं अन्य विवरण में किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन अवश्य करें।
उन्होंने विशेष रूप से पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के बारे में कहा कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें@शांतनु/INN
