ट्रेन से सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है. अब ट्रेन टिकट का रिजर्वेशन स्टेटस 10 घंटे पहले ही पता चल जाएगा. रेलवे बोर्ड ने पहली बार चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है. सुबह 5.00 बजे से दोपहर 2.00 बजे के बीच रवाना होने वाली ट्रेनों का पहला रिजर्वेशन चार्ट पिछले दिन रात 8.00 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा.
वहीं, दोपहर 2.01 बजे से रात 11.59 बजे तक और रात 12.00 बजे से सुबह 5.00 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों के लिए पहला रिजर्वेशन चार्ट ट्रेन के प्रस्थान से 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा. इससे पहले रिजर्वेशन चार्ट केवल 4 घंटे पहले तैयार किया जाता था, जिससे आखिरी समय में यात्रियों को काफी परेशानी और भ्रम का सामना करना पड़ता था.
रेलवे ने यात्रियों को उनकी यात्रा और रिजर्वेशन की स्थिति के बारे में पहले से जानकारी देने और खासकर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों की चिंता कम करने के लिए पहली बार रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है.
