मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के निर्देशन में साइबर अपराध की रोकथाम हेतु बुधवार को थाना भोजपुर परिसर में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने की।
जनसेवा केंद्र संचालकों व बैंक प्रबंधकों को किया जागरूक
गोष्ठी में थाना क्षेत्र के जनसेवा केंद्र संचालकों, विभिन्न बैंकों के मैनेजर एवं सिम कार्ड विक्रेताओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सभी को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
तेजी से बढ़ रहे हैं साइबर अपराध
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर ठग फोन कॉल, मैसेज एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी प्राप्त कर खातों से धनराशि निकाल लेते हैं।

सत्यापन के बाद ही करें लेनदेन व सिम जारी
उन्होंने जनसेवा केंद्र संचालकों एवं सिम विक्रेताओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के खाते में धनराशि का लेनदेन करने अथवा सिम कार्ड जारी करने से पूर्व उसकी पूरी तरह से पहचान और सत्यापन अवश्य करें, ताकि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
सभी संबंधित लोग रहे मौजूद
गोष्ठी में भोजपुर थाना क्षेत्र के बैंक प्रबंधक, जनसेवा केंद्र संचालक एवं सिम विक्रेता उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए साइबर अपराध रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
