मुरादाबाद। सोमवार को क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस द्वारा थाना सिविल लाइंस परिसर में प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट महिला आरक्षियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता ने महिला आरक्षियों को पुलिस सेवा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराते हुए बेसिक पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के प्रति संवेदनशील व मर्यादित व्यवहार अपनाने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
संवाद के दौरान क्षेत्राधिकारी ने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच उसके व्यवहार से बनती है, इसलिए ड्यूटी के दौरान संयम, शालीनता और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिला आरक्षियों को विशेष रूप से महिला, बच्चों, बुजुर्गों एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने, शिकायतकर्ताओं की बात धैर्यपूर्वक सुनने और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जनसंपर्क को पुलिसिंग का अहम हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर ही अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सकता है। महिला आरक्षियों को बताया गया कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान कानून का पालन कराने के साथ-साथ जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी उत्पन्न करें।
कार्यक्रम में कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर भी चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी ने ड्यूटी के समय सतर्कता, अनुशासन, टीमवर्क और पेशेवर आचरण के महत्व पर जोर दिया तथा प्रशिक्षणाधीन महिला आरक्षियों से कहा कि वे अपने प्रशिक्षण काल में सीखी गई बातों को भविष्य में ईमानदारी और निष्ठा के साथ लागू करें।
संवाद सत्र के अंत में महिला आरक्षियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया गया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणाधीन महिला आरक्षियों को एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जनहितैषी पुलिसकर्मी के रूप में तैयार करना रहा।
