मुरादाबाद। अर्धकुम्भ-2027 को लेकर रेलवे प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक, मुरादाबाद मंडल विनीता श्रीवास्तव ने सोमवार को हरिद्वार, देहरादून, योग नगरी ऋषिकेश एवं ऋषिकेश रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, प्रस्तावित विकास कार्यों और अर्धकुम्भ के दृष्टिगत की जा रही व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण की शुरुआत हरिद्वार रेलवे स्टेशन से हुई, जहां मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन की लॉबी, एआरटी (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन), स्टेशन परिसर एवं सर्कुलेटिंग एरिया का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया तथा हरिद्वार यार्ड रिमॉडलिंग, स्टेशन रिडेवलपमेंट और अर्धकुम्भ-2027 की तैयारियों को लेकर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

हरिद्वार स्टेशन पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने मीडिया प्रतिनिधियों को अर्धकुम्भ-2027 के लिए रेलवे द्वारा प्रस्तावित व्यवस्थाओं, यात्री सुविधा विस्तार योजनाओं और अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अर्धकुम्भ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे सभी आवश्यक संसाधनों और अधोसंरचना को मजबूत कर रहा है।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने देहरादून रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां स्टेशन लॉबी, प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

योग नगरी ऋषिकेश स्टेशन के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने वाशिंग लाइन की क्षमता बढ़ाने और स्टेशन पर दो अतिरिक्त प्लेटफार्मों के निर्माण की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ गहन विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संरचनात्मक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
वहीं ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन मास्टर कार्यालय, वेटिंग हॉल, वीआईपी रूम और सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए अर्धकुम्भ-2027 के लिए रेलवे की तैयारियों, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं के विस्तार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।

निरीक्षण के माध्यम से रेलवे प्रशासन ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि अर्धकुम्भ-2027 को लेकर मुरादाबाद मंडल पूरी गंभीरता और दूरदृष्टि के साथ तैयारियों में जुटा हुआ है, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
