यूपी के संभल हिंसा मामले में CO अनुज चौधरी समेत कई पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज करने का आदेश देने वाले जज (CJM) विभांशु सुधीर को हटा दिया गया है। उनका तबादला सुल्तानपुर कर दिया गया है। खास बात यह है कि उन्हें CJM पद से हटाकर सिविल जज (सीनियर डिविजन) के पद पर तैनात किया गया है।
संभल हिंसा में घायल युवक आलम के पिता यमन की याचिका पर सुनवाई करते हुए तत्कालीन CJM विभांशु सुधीर ने बड़ा और सनसनीखेज आदेश दिया था। उन्होंने एएसपी अनुज चौधरी, इंस्पेक्टर अनुज तोमर समेत 15–20 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे। यह आदेश संभल हिंसा मामले में पुलिस की भूमिका को कटघरे में खड़ा करने वाला माना गया।
हालांकि, अदालत के इस आदेश पर पुलिस प्रशासन ने खुली असहमति जताई। जिले के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने साफ कहा कि पुलिस इस आदेश के तहत मुकदमा दर्ज नहीं करेगी। साथ ही यह भी ऐलान किया गया कि आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी जाएगी और उसके खिलाफ अपील दायर होगी।
इसी बीच CJM विभांशु सुधीर के तबादले ने पूरे प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है। उनके स्थानांतरण के बाद कई तरह की अटकलें तेज हो गई हैं। भले ही प्रशासन इसे नियमित तबादला बता रहा हो, लेकिन आदेश के समय और हालात को देखते हुए यह फैसला कई सवाल खड़े कर रहा है।
