मुरादाबाद। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग, डॉ. एल. वेंकटेश्वर लू की सुपुत्री एवं कर्म योग वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष सुश्री एल. हिमजा रहीं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ।
मुख्य अतिथि सुश्री एल. हिमजा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें भारतीय संविधान के मूल्यों—समानता, सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व—का स्मरण कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कर्म योग वेलफेयर सोसाइटी, मुरादाबाद की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी दूमीर, प्रबंधक मनोज दूमीर एवं कोषाध्यक्ष करण दूमीर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि एवं सोसाइटी के सभी सदस्यों का बैज लगाकर एवं फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सुश्री एल. हिमजा ने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्न पूछे, जिनके सही उत्तर देने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं खेल-कूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए कर्म योग वेलफेयर सोसाइटी द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।

समारोह के समापन पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, समस्त स्टाफ, अतिथिगणों, आगंतुकों एवं अभिभावकों को विद्यालय स्तर से मिष्ठान एवं फल वितरित किए गए।
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती संगीता जी ने मुख्य अतिथि, कर्म योग वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों, अतिथिगणों, अभिभावकों एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की।
